
टनकपुर से 5 जुलाई से शुरू होगी कैलाश मानसरोवर यात्रा, मुख्यमंत्री धामी पहले जत्थे को दिखाएंगे हरी झंडी
टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ 5 जुलाई से होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले जत्थे को टनकपुर स्थित टीआरसी (टूरिस्ट रेस्ट हाउस) से हरी झंडी दिखाकर लिपुलेख-गुंजी के लिए रवाना करेंगे। पहला दल 4 जुलाई की शाम को टनकपुर टीआरसी पहुंचेगा।
यात्रा की तैयारियों को लेकर हल्द्वानी स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
टीआरसी प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि इस वर्ष कुल 10 दल कैलाश मानसरोवर यात्रा पर रवाना होंगे। प्रत्येक दल में लगभग 50 श्रद्धालु शामिल होंगे। टनकपुर से शुरू होने वाली यह यात्रा 18 दिनों की होगी।
पहले दल के श्रद्धालु 30 जून को दिल्ली में एकत्रित होंगे। इसके बाद मेडिकल जांच, वीजा और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। 4 जुलाई को पहला दल टनकपुर पहुंचेगा और 5 जुलाई को यात्रा शुरू करेगा। पहले दिन दल धारचूला पहुंचेगा। इसके बाद यात्रा गुंजी, नाभीढांग होते हुए लिपुलेख दर्रे के रास्ते चीन में प्रवेश करेगी।
यात्रा के अन्य दल क्रमशः 8 जुलाई, 12 जुलाई, 16 जुलाई, 20 जुलाई, 24 जुलाई, 28 जुलाई, 1 अगस्त, 5 अगस्त और 9 अगस्त को टनकपुर पहुंचेंगे और अगले दिन अपनी यात्रा पर रवाना होंगे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2025 में पहली बार टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ किया था। पिछले वर्ष 250 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 13 श्रद्धालु मेडिकल जांच में अनफिट पाए गए, जबकि 237 श्रद्धालुओं ने सफलतापूर्वक कैलाश मानसरोवर के दर्शन किए।








