
अल्मोड़ा : नायल ग्राम पंचायत में एक साल में हुए कई विकास कार्य, प्रधान अमित जोशी ने ग्रामीणों के सामने रखा ब्यौरा
अल्मोड़ा। नायल ग्राम पंचायत में पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित हुए एक वर्ष पूरा होने पर ग्राम प्रधान अमित जोशी ने पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीणों के साथ साझा की है। इस दौरान नायल और बुद्धिमन्या गांव के अलग-अलग तोकों में रास्तों, दीवारों, सीसी निर्माण, झाड़ी कटान और जल संरक्षण से जुड़े कई कार्य कराए गए हैं। इनमें कुछ कार्य दो-तीन विभागों के सहयोग से पूरे किए गए हैं।

ग्राम प्रधान अमित जोशी ने बताया कि 31 जुलाई 2025 को पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित हुए थे। ग्रामवासियों ने उन्हें अपना समर्थन देकर ग्राम पंचायत की सेवा करने का अवसर दिया। इसके बाद 28 अगस्त 2025 को शपथ ग्रहण समारोह हुआ, जबकि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में उन्हें पंचायत का कार्यभार सौंपा गया।

अब पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित हुए एक वर्ष पूरा होने पर ग्राम प्रधान अमित जोशी ने बीते एक साल के दौरान ग्राम पंचायत में किए गए कार्यों का ब्यौरा ग्रामीणों के सामने रखा है।
उन्होंने बताया कि ग्राम बुद्धिमन्या में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया। वहीं ग्राम पंचायत नायल और राजस्व ग्राम बुद्धिमन्या में झाड़ी कटान का कार्य भी कराया गया।

ग्राम बुद्धिमन्या के द्योंलाड तोक में दीवार, खड़ंजा और सीसी निर्माण कराया गया। इसी तरह ग्राम नायल के तल्ली नायल में दीवार निर्माण के साथ खड़ंजा और सीसी निर्माण का कार्य किया गया।
इसके अलावा ग्राम नायल के मालछान-मालगु तोक में दीवार, खड़ंजा और सीसी निर्माण कराया गया। इन कार्यों के जरिए गांव के रास्तों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है।

जल संरक्षण की दिशा में भी ग्राम पंचायत में कार्य किए गए हैं। ग्राम बुद्धिमन्या में जल संरक्षण के लिए खाल-खंती का निर्माण कराया गया, साथ ही पारंपरिक जल स्रोत नौले की सफाई भी कराई गई।
ग्राम प्रधान अमित जोशी ने बताया कि ग्राम पंचायत में किए गए ये विकास कार्य दो-तीन विभागों के सहयोग से पूरे हुए हैं। उन्होंने एक वर्ष पूरा होने पर समस्त ग्रामवासियों के सहयोग, स्नेह और आशीर्वाद के लिए उनका आभार जताया है।









