डीपीसी चुनाव पर उठे सवाल, पार्षदों ने की निरस्त कर दोबारा चुनाव कराने की मांग

नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंप निष्पक्ष जांच की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय जाने की चेतावनी

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम में जिला योजना समिति (डीपीसी) के चुनाव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और पार्षदों को सूचना नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए प्रभावित पार्षदों ने चुनाव निरस्त कर दोबारा कराने की मांग की है। इस संबंध में 14 अक्टूबर को नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई गई।

ज्ञापन में पार्षदों ने आरोप लगाया कि डीपीसी चुनाव की सूचना उन्हें न तो लिखित रूप में दी गई और न ही फोन के माध्यम से इसकी जानकारी दी गई। उनका कहना है कि जिस चुनाव में पार्षदों को प्रत्याशी बनने और मतदान करने का अधिकार था, उसमें उन्हें सूचना से वंचित रखना उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की अनदेखी है। पार्षदों ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों के पालन पर भी सवाल उठाए हैं।

प्रभावित पार्षदों ने नगर आयुक्त से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों की भूमिका निर्धारित करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, कथित अनियमितताओं को देखते हुए डीपीसी चुनाव निरस्त कर नियमानुसार पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से दोबारा चुनाव कराने की मांग की है।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई तो प्रभावित पार्षद अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय की शरण लेंगे। अब नगर निगम प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें