
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर हल्द्वानी में कांग्रेस ने मनाया जश्न, छात्रों का मुंह मीठा कराया
हल्द्वानी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी ने विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में छात्रों एवं युवाओं का मुंह मीठा कर खुशी जताई। कांग्रेस नेताओं ने इसे देशभर के छात्र-छात्राओं के लोकतांत्रिक संघर्ष और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि यह केवल एक मंत्री के इस्तीफे का मामला नहीं, बल्कि देशभर के लाखों छात्र-छात्राओं, युवाओं और आम जनता के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि यह जनआंदोलन और लोकतंत्र की शक्ति का परिणाम है, जिसने सरकार को जवाबदेह बनने के लिए मजबूर किया।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं के मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक लगातार मजबूती से उठाया। उसी जनदबाव और लोकतांत्रिक संघर्ष के परिणामस्वरूप सरकार को यह निर्णय लेना पड़ा।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं है। देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक और स्थायी सुधार किए जाने चाहिए। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रहे और परीक्षा प्रणाली में उनका विश्वास बना रहे।
हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि यह देश के युवाओं की एकजुटता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनआंदोलन की शक्ति की जीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी रही है और आगे भी शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं छात्र हितैषी बनाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने छात्रों एवं युवाओं का मुंह मीठा कराया तथा शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण शुरुआत बताया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली, पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपने संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम में हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, एन.बी. गुणवंत, डॉ. केदार पलड़िया, मलय बिष्ट, बहादुर बिष्ट, सुहैल सिद्दीकी, मधु सांगूड़ी, नीमा भट्ट, साइमा सिद्दीकी, मंजू पांडे, हेम जोशी, खिम सिंह चौहान, महेंद्र कुमार, हेम पांडे, जाकिर हुसैन, मोहन बिष्ट, मुकुल बलुटिया, हेमंत शर्मा, विनोद दानी, एडवोकेट धर्मवीर, हेमंत साहू, संदीप भैसोड़ा, महेशानंद, राजू रावत, कौशलेंद्र भट्ट, किशन अनेरिया, मन्नू गोस्वामी, संजू उप्रेती, अमित रावत, सुदर्शन परमार, शंकर कोहली, पंकज बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं छात्र-युवा मौजूद रहे।









