मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से देवद्वार हाईस्कूल का इंटरमीडिएट में उच्चीकरण, ग्रामीणों ने जताया आभार

8 गांवों के विद्यार्थियों को मिली बड़ी राहत, देवद्वार इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं की पढ़ाई शुरू

रामगढ़ (नैनीताल)। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम सभा देवद्वार में वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर है। मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से देवद्वार हाईस्कूल का उच्चीकरण इंटरमीडिएट स्तर पर होने के बाद विद्यालय में कक्षा 11वीं की पढ़ाई शुरू हो गई है। इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मंत्री का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

देवद्वार, बडेट, घवेती, कीलोर, झाजर, बजुठिया समेत आसपास के कई गांवों के ग्रामीण लंबे समय से देवद्वार हाईस्कूल को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग कर रहे थे। इन गांवों के विद्यार्थियों को हाईस्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद इंटरमीडिएट की शिक्षा के लिए 10 से 15 किलोमीटर दूर दूसरे विद्यालयों में जाना पड़ता था। दुर्गम रास्तों और जंगलों से होकर गुजरने के कारण विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। दूरी और अन्य कठिनाइयों के चलते कई विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी।

ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा लगातार विद्यालय के उच्चीकरण के लिए प्रयास कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष भी इस मांग को रखा। मंत्री के प्रयासों के बाद मुख्यमंत्री की स्वीकृति से देवद्वार हाईस्कूल का उच्चीकरण इंटरमीडिएट स्तर पर किया गया। विद्यालय में कक्षा 11वीं का संचालन शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब अपने आसपास ही आगे की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

विद्यालय के उच्चीकरण से उत्साहित ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का भी आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका प्रयास क्षेत्र में शिक्षा की सुविधाओं को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को अपने घर के नजदीक बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बात कर ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान उनके क्षेत्र में ही किया जा सके।

देवद्वार विद्यालय के इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण से क्षेत्र के कई गांवों के विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों को आशा है कि इससे बच्चों की आगे की पढ़ाई आसान होगी और क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें