
सदबुंगा हाईस्कूल बना इंटर कॉलेज, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों का सपना हुआ साकार
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक स्थित ग्राम सभा सदबुंगा और दुत्कानेधार के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। सदबुंगा हाईस्कूल का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण होने के बाद कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विद्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
ग्रामीण लंबे समय से सदबुंगा हाईस्कूल को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग कर रहे थे। क्षेत्र में इंटरमीडिएट की शिक्षा की सुविधा नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को हाईस्कूल के बाद आगे की पढ़ाई के लिए लगभग 15 किलोमीटर दूर दूसरे विद्यालयों में जाना पड़ता था। इससे खासकर छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। दूरी और आवागमन की दिक्कतों के चलते कई विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी।

मंत्री कैड़ा के प्रयासों से पूरी हुई वर्षों पुरानी मांग
ग्रामीणों ने विद्यालय के उच्चीकरण को लेकर मंत्री राम सिंह कैड़ा से मांग की थी। मंत्री कैड़ा इस दिशा में लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष भी विद्यालय को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने का विषय रखा। इसके बाद सदबुंगा हाईस्कूल का उच्चीकरण किया गया और अब विद्यालय में इंटरमीडिएट की पढ़ाई का रास्ता खुल गया है।
विद्यालय में कक्षा 11वीं में विद्यार्थियों के प्रवेश के साथ कक्षाओं का संचालन भी शुरू हो गया है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने आसपास ही आगे की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उन्हें पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत
विद्यालय के उच्चीकरण और उद्घाटन से खुश ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं से स्वागत किया और इस कार्य के लिए धन्यवाद दिया। ग्रामीणों ने कहा कि इंटरमीडिएट स्तर की शिक्षा की सुविधा मिलने से क्षेत्र के बच्चों को काफी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं
कार्यक्रम के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर किया जा सके।










