
काशीपुर की सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव, उत्तराखंड की पहली इलेक्ट्रिक रोड स्वीपर मशीन निगम के बेड़े में शामिल
काशीपुर। शहर को स्वच्छ और आधुनिक बनाने की दिशा में नगर निगम काशीपुर ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में काशीपुर नगर निगम के बेड़े में उत्तराखंड की पहली बहुउद्देश्यीय पूर्णतः इलेक्ट्रिक मैकेनाइज्ड रोड स्वीपर मशीन शामिल की गई है। महापौर दीपक बाली ने नगर आयुक्त, पार्षदों, अधिकारियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पूजा-अर्चना के बाद मशीन को हरी झंडी दिखाकर शहर की जनता को समर्पित किया।
करीब 38 लाख रुपये लागत वाली यह अत्याधुनिक मशीन सड़कों की सफाई के साथ धूल नियंत्रण, जेटिंग, फॉगिंग और वैक्यूम होस के जरिए कचरा संग्रहण जैसे कई कार्य एक साथ करने में सक्षम है। मशीन में पीएम 2.5 और पीएम 10 धूल नियंत्रण तकनीक के साथ शून्य टेलपाइप उत्सर्जन और कम शोर की सुविधा है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था को नई गति मिलेगी।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से काशीपुर को बेहतर और स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मशीन शहर की सफाई व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले समय में नगर निगम द्वारा और भी इलेक्ट्रिक मशीनें खरीदी जाएंगी।
नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि यह मशीन स्वास्थ्य और स्वच्छता दोनों के लिए उपयोगी साबित होगी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक से लैस यह मशीन बारिश के दौरान भी काम कर सकेगी।
इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, पार्षद और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।









