
नैनीताल में 30 अक्टूबर से होगा कैप्टन आशीष साह टेनिस टूर्नामेंट 2026 का आयोजन, 25 अक्टूबर तक कराएं पंजीकरण
नैनीताल। नैनीताल में कैप्टन आशीष साह टेनिस टूर्नामेंट 2026 (कुमाऊँ कप) का आयोजन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक किया जाएगा। पूर्व वर्षों की भाँति इस वर्ष भी प्रतियोगिता न्यू क्लब, नैनीताल के ग्रेविल कोर्ट पर आयोजित होगी। टूर्नामेंट के सचिव अमर जगाती ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कुमाऊँ क्षेत्र के छह जनपदों—नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर—के निवासी टेनिस खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं। खिलाड़ियों के लिए पाँच आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। इनमें 30 वर्ष तक (मेंस ओपन), 30 से 40 वर्ष, 40 से 50 वर्ष, 50 से 60 वर्ष और 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग शामिल हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ी सिंगल्स और डबल्स, दोनों स्पर्धाओं में हिस्सा ले सकेंगे।
खिलाड़ियों के रहने और खाने की भी होगी व्यवस्था
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के प्रवेश शुल्क में खिलाड़ियों के रहने और खाने की व्यवस्था भी शामिल होगी। खिलाड़ियों को चाय, नाश्ता, दोपहर का भोजन, हाई टी और स्नैक्स उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों के सम्मान में विशेष रात्रिभोज का आयोजन भी किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए प्रविष्टि की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद किसी भी खिलाड़ी की प्रविष्टि स्वीकार नहीं की जाएगी।
ग्रेविल कोर्ट को तैयार करने में जुटे आयोजक
टूर्नामेंट के समन्वयक वीरेंद्र साह ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। न्यू क्लब के दोनों ग्रेविल कोर्ट की फ्लडलाइट्स की मरम्मत कराई जा रही है। इसके साथ ही कोर्ट की सतह को बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव और रोलिंग की जा रही है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर खेल परिस्थितियाँ मिल सकें और वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।
टेनिस एसोसिएशन ने दिया सहयोग का आश्वासन
डिस्ट्रिक्ट टेनिस एसोसिएशन, नैनीताल के अध्यक्ष डॉ. समीर वर्मा, सचिव हेम कुमार पांडेय और कोषाध्यक्ष रजत कुमार सती ने प्रतियोगिता के आयोजकों को शुभकामनाएँ दीं। साथ ही, टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि न्यू क्लब नैनीताल शहर के प्राचीन और प्रतिष्ठित क्लबों में से एक है। यह नंदा देवी मंदिर के समीप स्थित है। वर्तमान में क्लब के सचिव रितेश साह हैं।










