
मोबाइल को लेकर भाई ने डांटा, आठवीं की छात्रा ने दी जान
बिंदुखत्ता के राजीवनगर की घटना, 14 वर्षीय किशोरी की मौत से परिवार में मचा कोहराम
हल्द्वानी। बिंदुखत्ता के वेस्ट राजीवनगर में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर बड़े भाई के टोकने से आहत आठवीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोरी को गंभीर हालत में डा. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, वेस्ट राजीवनगर निवासी राशि सक्सेना आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम वह मोबाइल फोन पर व्यस्त थी। इस दौरान बड़े भाई ने उसे लगातार मोबाइल इस्तेमाल करने को लेकर टोका। इसके बाद मंगलवार रात किशोरी ने घर में पंखे से फंदा लगा लिया। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके।
बुधवार सुबह हल्द्वानी की मोर्चरी में शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही थी। किशोरी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।










