
धामी रचेंगे इतिहास: 4 जुलाई को टूटेगा एनडी तिवारी का रिकॉर्ड, बनेंगे उत्तराखंड के सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में 4 जुलाई 2026 एक ऐतिहासिक दिन बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने कार्यकाल के 1831 दिन पूरे करते ही प्रदेश के अब तक के सबसे लंबे समय तक लगातार मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बन जाएंगे। वह पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त (एनडी) तिवारी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रचेंगे। धामी ने 4 जुलाई 2021 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद भी उन्हें लगातार प्रदेश की कमान सौंपी गई।
मुख्यमंत्री के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्य सरकार 4 जुलाई से 10 जुलाई तक ‘सेवा सप्ताह’ आयोजित करेगी। इस दौरान प्रदेशभर में रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम होंगे। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी जिलों को आयोजन के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
एनडी तिवारी का मुख्यमंत्री के रूप में अब तक सबसे लंबा कार्यकाल 2 मार्च 2002 से 7 मार्च 2007 तक 1831 दिनों का रहा था। धामी 4 जुलाई को यह रिकॉर्ड पार कर उत्तराखंड के सियासी इतिहास में नया अध्याय जोड़ देंगे।
सेवा सप्ताह के दौरान जिलों में चिकित्सा शिविर, दिव्यांगजन सहायता शिविर, मैराथन, खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभागीय योजनाओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। वहीं, भाजपा भी मुख्यमंत्री धामी की इस उपलब्धि को प्रदेशभर में बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी में जुट गई है।









