
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की ग्रीष्मकालीन परीक्षाएँ आज से शुरू
हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) की ग्रीष्मकालीन परीक्षाएँ सोमवार से प्रदेशभर के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर प्रारम्भ हो गईं। यह परीक्षा आज से 27 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 59,801 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।
विश्वविद्यालय के अनुसार, इस वर्ष 40,903 विद्यार्थी मुख्य परीक्षा, 18,700 विद्यार्थी बैक परीक्षा तथा 198 विद्यार्थी सुधार (इम्प्रूवमेंट) परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में 80 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त दो कारागार (जेल) परीक्षा केन्द्र एवं दो सैन्य (आर्मी) परीक्षा केन्द्र सहित कुल चार विशेष परीक्षा केन्द्र भी स्थापित किए गए हैं, ताकि सभी पात्र शिक्षार्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर मिल सके।
परीक्षाओं के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारु संचालन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की हैं। इसी क्रम में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने देहरादून के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों की टीम ने रामनगर, काशीपुर, बाजपुर, हल्दूचौड़, सितारगंज एवं खटीमा स्थित परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन की समीक्षा की।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी परीक्षा केन्द्रों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षाएँ शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सकें।









