शिक्षा मंत्री से मिले राम सिंह कैड़ा, पतलोट महाविद्यालय में नए विषय, एमए कक्षाएं और शिक्षकों की नियुक्ति की उठाई मांग

देहरादून। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को देहरादून में प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शिक्षा मंत्री को बताया कि राजकीय महाविद्यालय पतलोट में संस्कृत और भूगोल विषय संचालित नहीं हो रहे हैं। साथ ही महाविद्यालय में एमए की कक्षाएं भी शुरू नहीं हो सकी हैं, जिसके कारण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ रहा है या फिर उच्च शिक्षा से वंचित होना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी अवगत कराया कि महाविद्यालय में प्राचार्य का पद लंबे समय से रिक्त है, जिससे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मंत्री कैड़ा ने महाविद्यालय में शीघ्र प्राचार्य की नियुक्ति करने, संस्कृत एवं भूगोल विषय शुरू कराने तथा एमए की कक्षाएं संचालित कराने का आग्रह किया।

इसके अलावा मंत्री कैड़ा ने राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ के भवन निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि भवन के अभाव में छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने भवन निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शिक्षा मंत्री का ध्यान भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों, उच्च प्राथमिक विद्यालयों, हाईस्कूलों और इंटर कॉलेजों में शिक्षकों के रिक्त पदों की ओर भी आकर्षित किया। उन्होंने इन सभी रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां किए जाने की मांग की, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा मंत्री द्वारा इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिससे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें