अहमदाबाद में बड़ा विमान हादसा: एयर इंडिया की फ्लाइट क्रैश, 265 की दर्दनाक मौत

बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर गिरा विमान, छात्रों और डॉक्टरों की भी गई जान

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एक भयावह विमान दुर्घटना में 265 लोगों की जान चली गई। एयर इंडिया की लंदन जाने वाली फ्लाइट टेक-ऑफ के तुरंत बाद तकनीकी खराबी के चलते क्रैश हो गई और बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की इमारत पर जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार 244 यात्रियों और क्रू मेंबर्स में से 241 की मौत हो गई है। इसके अलावा हॉस्टल में मौजूद 24 मेडिकल छात्रों और डॉक्टरों की भी जान चली गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि शवों की पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है। सिविल हॉस्पिटल के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकांश शव बुरी तरह जले हुए हैं और कई टुकड़ों में बंटे हुए हैं। बताया गया कि “सभी शवों को जोड़कर जो गिनती की गई है, वह 265 पहुंच चुकी है।”

हादसे के समय हॉस्टल का मेस छात्रों से भरा हुआ था, क्योंकि दोपहर का लंच टाइम था। तभी विमान सीधे हॉस्टल की इमारत पर आकर गिरा, जिससे इमारत का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। हादसे में कई इंटर्न डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ भी मारे गए हैं।

एक यात्री चमत्कारिक रूप से बचा
इस पूरे हादसे में एकमात्र यात्री जीवित मिला है, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

एयर इंडिया ने जताया शोक
एयर इंडिया ने इस हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। सरकार की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी हैं, जबकि दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए हादसे के वीडियो और तस्वीरें
इस हादसे के भयावह दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। घटनास्थल के वीडियो में चारों ओर धुआं, चीख-पुकार और तबाही का मंजर देखा जा सकता है। देश भर में इस दुर्घटना को लेकर गहरा शोक और आक्रोश देखा जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें