
ऑरेंज अलर्ट: भारी बारिश के खतरे के बीच 20 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जिले में 20 जुलाई (सोमवार) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। भारी से बहुत भारी वर्षा, भूस्खलन और नदियों-नालों के उफान की आशंका को देखते हुए जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 20 जुलाई 2026 के लिए नैनीताल जनपद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है।
जिला प्रशासन ने बताया कि वर्तमान में जनपद के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 20 जुलाई (सोमवार) को जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








