
आपदा मद से बनेंगे राजकीय प्राथमिक विद्यालय सदबुगा पाटा खफराड के दो कक्ष: मंत्री कैड़ा
नैनीताल। रामगढ़ ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सदबुगा पाटा (खपराड़) और राजकीय प्राथमिक विद्यालय स्युड़ा के जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। दोनों विद्यालयों के लिए आपदा मद से 15-15 लाख रुपये, कुल 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व जिलाधिकारी नैनीताल से मुलाकात कर राजकीय प्राथमिक विद्यालय सदबुगा पाटा (खपराड़) की जर्जर स्थिति से अवगत कराया था। विद्यालय भवन की खराब हालत के कारण छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के मौसम में भवन के गिरने का खतरा बना रहता था। भवन निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण भी आंदोलन कर रहे थे।
मंत्री कैड़ा ने विद्यालय भवन के शीघ्र निर्माण के लिए आपदा मद से धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने विद्यालय के दो कक्षों के निर्माण हेतु 15 लाख रुपये स्वीकृत कर दिए।इसके अलावा मंत्री कैड़ा ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय स्युड़ा के जर्जर भवन का मामला भी जिलाधिकारी के समक्ष उठाया।
इस विद्यालय के पुनर्निर्माण के लिए भी 15 लाख रुपये की धनराशि आपदा मद से स्वीकृत की गई है।मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि दोनों विद्यालयों के भवन निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा, जिससे छात्र-छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।







