उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में बड़े फैसले, खिलाड़ियों के पंजीकरण सहित कई अहम प्रस्ताव मंजूर

देहरादून। उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन (यूटीए) की कार्यकारिणी समिति की बैठक सोमवार को ई.सी. रोड स्थित 22 हाइट्स होटल के सभागार में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार (आईपीएस) ने की, जबकि संचालन महासचिव सुमित गोयल ने किया। बैठक में प्रदेश में टेनिस खेल के विकास एवं खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि उत्तराखंड के सभी जनपदों, टेनिस अकादमियों एवं खिलाड़ियों का पंजीकरण अनिवार्य होगा। केवल पंजीकृत खिलाड़ी ही एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविरों एवं प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे। साथ ही प्रदेश एवं जनपद स्तर पर भ्रामक और अनधिकृत टेनिस एसोसिएशनों पर रोक लगाने के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल लागू किया जाएगा।

एसोसिएशन ने यह भी निर्णय लिया कि जल्द ही वित्तीय वर्ष का टेनिस कार्यक्रम कैलेंडर जारी किया जाएगा, जिसमें पूरे वर्ष आयोजित होने वाले जिला, राज्य, एआईटीए, एशियन टेनिस फेडरेशन तथा जूनियर एवं सीनियर स्तर की प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण शिविरों का विस्तृत कार्यक्रम शामिल रहेगा।

बैठक में आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली बालक-बालिका खिलाड़ियों को निशुल्क प्रशिक्षण, खेल किट तथा प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए आवश्यक खर्च वहन करने का भी निर्णय लिया गया।

इसी अवसर पर डिस्ट्रिक्ट टेनिस एसोसिएशन, देहरादून के पदाधिकारियों का चयन भी किया गया। इसमें मनोज गुप्ता को अध्यक्ष, लोकेश चुग को सचिव, तुषार शर्मा को संयुक्त सचिव तथा दिनेश नागपाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। विशिष्ट सदस्यों के रूप में सुनील कठैत, राकेश चंद्रा, दीपा चौधरी एवं हिमानी चौहान को मनोनीत किया गया।

बैठक में संरक्षक पी.के. वालिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजेंद्र चौहान, उपाध्यक्ष डी.एस. रावत, वरिष्ठ संयुक्त सचिव लोकेश चुग, संयुक्त सचिव हेम कुमार पांडेय, अमर जगाती, गोपाल मेहरा, कमलेश त्रिपाठी सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। अंत में संयुक्त सचिव हेम कुमार पांडेय ने सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें