
बड़ा हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चार लोग गंभीर घायल
नैनीताल। हल्द्वानी से नैनीताल आ रही सवारियों से भरी एक कार मंगलवार को ताकुला पुरानी चुंगी के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार को खाई में गिरता देख स्थानीय निवासी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पिथौरागढ़ निवासी नवीनचंद्र भट्ट (28), कैलाश चंद्र भट्ट (66), देवीदत्त भट्ट (63) और टिहरी गढ़वाल निवासी नितेश (23) कार संख्या UK 07 AM 7810 से हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रहे थे। ताकुला पुरानी चुंगी के पास पहुंचते ही चालक के अनुसार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
कार को खाई में गिरते देख स्थानीय निवासी बसंत मेहरा ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब 100 मीटर गहरी खाई में उतरकर पुलिस और ग्रामीणों ने चारों घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
एएसआई सुनील कुमार के अनुसार सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। उन्होंने बताया कि कार यदि कुछ फीट और नीचे चली जाती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।









