नैनीताल से लौट रहे लखनऊ के पर्यटकों की टवेरा 40 मीटर गहरी खाई में गिरी, मची चीख-पुकार

वंदना संदेश ब्यूरो

ज्योलीकोट (नैनीताल) । नैनीताल भ्रमण कर लौट रहे लखनऊ के छह पर्यटकों की टवेरा गुरुवार सुबह ज्योलीकोट के पास अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य पर्यटकों को मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार गोमतीनगर, लखनऊ निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। गुरुवार सुबह सभी पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा वाहन संख्या UK 04 TB 3870 से काठगोदाम की ओर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि ज्योलीकोट नंबर-1 से कुछ आगे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लगभग 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिलाया।

एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि दुर्घटना में चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजा गया है। अन्य चार पर्यटकों को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार कराया गया।

समय रहते पुलिस और एसडीआरएफ के रेस्क्यू अभियान से सभी पर्यटकों की जान बच गई, लेकिन नैनीताल की सैर से लौट रहे इन युवाओं के लिए वापसी का सफर एक दर्दनाक और खौफनाक अनुभव बन गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें