उत्तराखंड में बारिश का कहर: कोटद्वार में मकान ढहा, तीन के दबे होने की सूचना; 91 सड़कें बंद

देहरादून/कोटद्वार। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कोटद्वार के द्वारीखाल ब्लॉक के मेहरगांव (भलगांव) में भारी बारिश के चलते एक मकान ढह गया। हादसे में तीन लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है। सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। वहीं, प्रदेश के कई पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं, भूस्खलन से सड़कें बंद हैं और कई बस्तियों पर खतरा मंडरा रहा है।

नदियों का जलस्तर बढ़ा, कई बस्तियां खतरे की जद में

बीती रात से पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के चलते सिलगाड़ और लंगूरगाड़ नदियों का जलस्तर खतरे की स्थिति में पहुंच गया है। सरुड़ा गांव में पंचायत घर और खोह नदी के तट पर बने मकानों पर खतरा बना हुआ है। लंगूरगाड़ नदी के बढ़ते प्रवाह से सुभाष बाजार वार्ड का कंडवाल मोहल्ला भी प्रभावित होने की आशंका है। पुलिस-प्रशासन की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं।

एनएच-534 पर भूस्खलन, आवाजाही प्रभावित

लगातार बारिश के कारण एनएच-534 पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। इसके चलते यातायात बाधित हो गया है। रपटे में भी जलस्तर बढ़ने से स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। प्रशासन की ओर से लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।

कल्पेश्वर मंदिर के पास भारी भूस्खलन, श्रद्धालुओं की आवाजाही रुकी

ज्योतिर्मठ की उर्गम घाटी में पांचवें केदार भगवान कल्पेश्वर महादेव मंदिर के पास भारी भूस्खलन हुआ है। पहाड़ी से आए मलबे ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को प्रभावित किया है। मलबा जमा होने से मंदिर तक पहुंचने का रास्ता बाधित हो गया है। फिलहाल श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए नहीं पहुंच पा रहे हैं। मलबा हटने के बाद ही आवाजाही सुचारू होने की संभावना है।

देहरादून-टिहरी में ऑरेंज अलर्ट, स्कूल बंद

मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोनों जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका है। मौसम की स्थिति को देखते हुए देहरादून में कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूल आज बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

दो राज्यमार्ग समेत 91 सड़कें बंद

भूस्खलन और बारिश के कारण प्रदेश में दो राज्यमार्ग समेत 91 सड़कें बंद हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के बुलेटिन के अनुसार अल्मोड़ा में पांच, बागेश्वर में 12, चमोली में 15, चंपावत में एक, देहरादून में सात, नैनीताल में 12, पौड़ी में पांच, पिथौरागढ़ में 11, रुद्रप्रयाग में सात तथा टिहरी और उत्तरकाशी में आठ-आठ मार्ग बंद हैं। सड़कों के बंद होने से कई इलाकों में आवाजाही प्रभावित हुई है।

नदियों के बढ़ते जलस्तर से प्रशासन अलर्ट

बारिश के कारण प्रदेश की नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। उत्तरकाशी में सोमवार दोपहर दो बजे नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 2.65 मीटर नीचे दर्ज किया गया था। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन और पुलिस संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी कर रहे हैं। लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें