टांडा जंगल में मौत बनकर सामने आई भैंस, ओवरस्पीड स्विफ्ट स्कॉर्पियो से भिड़ी; एक की मौत, तीन गंभीर
रुद्रपुर/पंतनगर। ऊधम सिंह नगर जिले के पंतनगर थाना क्षेत्र स्थित टांडा जंगल में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार के सामने अचानक भैंस आ जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार पहले भैंस से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट के परखच्चे उड़ गए और भैंस की भी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश निवासी चार लोग स्विफ्ट कार से हल्द्वानी से लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे टांडा जंगल में रेलवे क्रॉसिंग से पहले अचानक सड़क पर भैंस आ गई। तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और हादसा हो गया।
हादसे की तेज आवाज सुनकर राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना देने के साथ ही सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान सोमवार तड़के एक घायल ने दम तोड़ दिया। अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है। वहीं स्कॉर्पियो में सवार लोगों को मामूली चोटें आईं और वे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
पंतनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सड़क पर अचानक भैंस का आ जाना सामने आया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
यह हादसा एक बार फिर हाईवे और जंगल से गुजरने वाले मार्गों पर आवारा पशुओं तथा तेज रफ्तार के खतरनाक संयोजन की ओर गंभीर सवाल खड़े करता है।








