दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से रेलवे गेटमैन की मौत

काशीपुर। ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में आज सुबह एक दर्दनाक हादसे में ड्यूटी पर तैनात रेलवे गेटमैन की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मृतक की पहचान पैगा गांव निवासी अंकुर भारद्वाज के रूप में हुई है। हादसा महुआखेड़ागंज क्षेत्र स्थित गिरधर रेलवे फाटक पर आज सुबह हुआ।

जानकारी के मुताबिक, अंकुर भारद्वाज गिरधर रेलवे फाटक पर गेटमैन के पद पर तैनात थे। आज सुबह ड्यूटी के दौरान वह रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गए। इसी दौरान दिल्ली की दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही RPF और स्थानीय पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। RPF प्रभारी सुखवंत सिंह ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी जुटाई।

RPF प्रभारी के अनुसार, अंकुर तीन भाइयों में बीच के थे। वह शादीशुदा थे और उनकी करीब पांच साल की एक मासूम बेटी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ड्यूटी के दौरान अंकुर किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और वह ट्रेन की चपेट में कैसे आए।

रेलवे प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटे हैं। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें