
हरेला की सुबह मातम में बदली: तेज रफ्तार दूध के कैंटर ने पूर्व सैनिक को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत
लालकुआं। हरेला पर्व की खुशियों के बीच लालकुआं के हल्दूचौड़ क्षेत्र में आज सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर तेज रफ्तार दूध के कैंटर की चपेट में आने से 77 वर्षीय पूर्व सैनिक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पेशकारपुर निवासी हरीश चंदोला (77) पुत्र स्व. भोला दत्त चंदोला रोज की तरह सुबह दूध लेकर अपने घर लौट रहे थे। सांवरिया बैंक्वेट हॉल के सामने जैसे ही वह हाईवे पार करने लगे, तभी हल्द्वानी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार दूध के कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर उन्हें करीब 10 से 15 मीटर तक सड़क पर घसीटता ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि हरीश चंदोला पूर्व सैनिक थे और अपने पीछे एक बेटा तथा तीन बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार पहले से ही एक बड़ी त्रासदी झेल चुका है। करीब चार वर्ष पूर्व उनकी एक बेटी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। अब हरेला के दिन परिवार के मुखिया की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया। दुर्घटना में शामिल दूध के कैंटर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।








