
हल्द्वानी: नहर में मिला युवक का शव, धौलाखेड़ा निवासी रिंकू मौर्य की हुई पहचान
हल्द्वानी। बरेली रोड क्षेत्र स्थित हरियाल मोटर्स के पास नहर में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में मोर्चरी पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान धौलाखेड़ा निवासी रिंकू मौर्य के रूप में की।
पुलिस के अनुसार, शव की तलाशी लेने पर युवक की जेब से शराब की एक बोतल बरामद हुई, जबकि उसके हाथ पर ‘रिंकू’ नाम गुदा हुआ था। इसी आधार पर पुलिस ने परिजनों की तलाश शुरू की और पहचान सुनिश्चित की।
बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश सिंह फर्त्याल ने बताया कि पूछताछ में परिजनों ने जानकारी दी कि रिंकू लंबे समय से अस्वस्थ था और उसे मिर्गी के दौरे भी आते थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नहर किनारे बैठे दौरान उसे अचानक चक्कर या दौरा आया होगा, जिससे वह संतुलन खोकर नहर में गिर गया।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।








