
अल्मोड़ा: लेफ्टिनेंट बनने के बाद पैतृक गांव नैनी पहुंचे स्पर्श देवड़ी, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
अल्मोड़ा जनपद के नैनी गांव के होनहार युवक लेफ्टिनेंट स्पर्श देवड़ी भारतीय सेना में चयनित होने के बाद आज अपने पैतृक गांव पहुंचे। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और गुलदस्तों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह स्वागत कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री शंकर कुमैया के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

लेफ्टिनेंट स्पर्श देवड़ी एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनकी प्राथमिक शिक्षा बरेली से हुई। उनके पिता राजेंद्र सिंह दैनिक जागरण में कार्यरत हैं, जबकि माता किरण देवड़ी गृहणी हैं। स्पर्श ने 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर अपने उज्ज्वल भविष्य की झलक पहले ही दिखा दी थी।
ग्रेजुएशन के दौरान ही स्पर्श देवड़ी ने कड़ी मेहनत और आत्मनिर्भरता का परिचय देते हुए चितई और जैती के पोस्ट ऑफिस में भी कार्य किया। इसी दौरान उन्होंने CDS परीक्षा की तैयारी शुरू की। बचपन से ही भारतीय सेना में जाने का सपना संजोए स्पर्श ने निरंतर मेहनत और लगन के बल पर CDS परीक्षा में सफलता हासिल की और लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित हुए।

उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्वागत कार्यक्रम में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विनोद टम्टा, ग्राम प्रधान दिनेश प्रसाद, क्षेत्र पंचायत सदस्य मुकेश टम्टा, भगवत आर्या, सरिता देवी, शंकर कुमैया, गंगा सिंह कुमैया, नंदन सिंह कुमैया, गोविंद बिष्ट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने लेफ्टिनेंट स्पर्श देवड़ी की सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










