ग्राफिक एरा में इनोविस्टा-2026 का धमाकेदार समापन, 2 लाख के लकी ड्रॉ में बंटे लैपटॉप-PS5 समेत आकर्षक पुरस्कार

36 घंटे के हैकाथॉन में टीम ग्रेडिएंट ने जीते 25 हजार रुपये, गूगल, ग्लोबल लॉजिक और जेपी मॉर्गन के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

हल्द्वानी। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के हल्द्वानी परिसर में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक टेक फेस्ट ‘इनोविस्टा-2026’ का रविवार को उत्साह और उमंग के साथ समापन हो गया। स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड कंप्यूटर एप्लीकेशंस और टेक गीक्स के सहयोग से आयोजित इस आयोजन में विद्यार्थियों ने तकनीकी नवाचार, हैकाथॉन, ई-स्पोर्ट्स, रील शूटिंग और विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फेस्ट के अंतिम दिन 50 हजार रुपये के पुरस्कार पूल वाले हैकाथॉन और करीब दो लाख रुपये के लकी ड्रॉ ने विशेष आकर्षण पैदा किया।

36 घंटे के हैकाथॉन में टीम ग्रेडिएंट ने मारी बाजी

टेक फेस्ट का प्रमुख आकर्षण 36 घंटे तक लगातार चला हैकाथॉन रहा। इसमें विद्यार्थियों ने वास्तविक दुनिया की समस्याओं के समाधान के लिए अपने तकनीकी विचारों और नवाचारों को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के अंतिम मूल्यांकन के लिए गूगल के उज्ज्वल त्यागी और ग्लोबल लॉजिक के तुषार गोयल विशेषज्ञ के रूप में पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों के तकनीकी समाधानों का मूल्यांकन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

कड़े मुकाबले में टीम ग्रेडिएंट ने पहला स्थान हासिल कर 25 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। कोड इन इट की टीम 15 हजार रुपये के साथ दूसरे और ब्लैंकस्पेस पांच हजार रुपये के साथ तीसरे स्थान पर रही। वहीं, टीम यूबीक्विटस और हैकबडीज को 2,500-2,500 रुपये के सांत्वना पुरस्कार दिए गए।

न्यूरल नेटवर्क पर विशेषज्ञ ने दी जानकारी

समापन अवसर पर उद्योग जगत और शिक्षा के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से विशेष एक्सपर्ट सेशन आयोजित किया गया। जेपी मॉर्गन चेस के पंकज खुल्बे ने विद्यार्थियों को न्यूरल नेटवर्क की कार्यप्रणाली, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीप लर्निंग और स्मार्ट कंप्यूटिंग में इसके उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने इन तकनीकों की बढ़ती उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं को सरल तरीके से समझाया।

ई-स्पोर्ट्स में भी विद्यार्थियों ने दिखाया दम

टेक फेस्ट में गेमिंग प्रतियोगिताओं को लेकर भी खासा उत्साह देखने को मिला। बीजीएमआई प्रतियोगिता में 19 टीमों के 76 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें मॉग की टीम ने पहला स्थान हासिल कर तीन हजार रुपये का पुरस्कार जीता, जबकि कैंपस किंग्स दूसरे और ओजीस तीसरे स्थान पर रहे।

फ्री फायर प्रतियोगिता में 36 टीमों के 144 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें टॉक्सिक फोर्स ने छह हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। ओजीस दूसरे और एचएलडी वोर्टेक्स तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, क्लैश रॉयल प्रतियोगिता में 29 विद्यार्थियों के बीच हुए मुकाबले में नीरज चंद्रा विजेता बने।

रील शूटिंग, ट्रेजर हंट और टाइपिंग में भी दिखी प्रतिभा

विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक और तकनीकी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। 21 टीमों के बीच हुई रील शूटिंग प्रतियोगिता में टीम डब्लू एरा ने पहला स्थान हासिल किया। टेक ट्रेजर हंट में द एक्सिओम टीम विजेता बनी। टाइपिंग टेस्ट में प्रियंशु बिष्ट ने पहला, मानक सिंह ने दूसरा और शुभम भट्ट ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

लकी ड्रॉ में लैपटॉप, PS5 और एलईडी टीवी के पुरस्कार

समापन समारोह का सबसे रोमांचक पल करीब दो लाख रुपये के लकी ड्रॉ के दौरान देखने को मिला। इसमें असूस वीवोबुक लैपटॉप का प्रथम पुरस्कार हरकीरत संधू ने जीता। दूसरा पुरस्कार प्लेस्टेशन-5 (PS5) दीपक सिंह के नाम रहा, जबकि तीसरे पुरस्कार के रूप में एलईडी टीवी बच्चे सिंह को मिला। सैमसंग स्मार्टफोन समेत अन्य आकर्षक गैजेट्स के विजेताओं के नामों की घोषणा पर सभागार तालियों से गूंज उठा।

परिसर में विद्यार्थियों की ओर से लगाए गए 30 फूड, क्राफ्ट और गेमिंग स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। इन स्टॉल्स के माध्यम से विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ टीमवर्क, प्रबंधन और व्यावहारिक कौशल सीखने का अवसर मिला।

विश्वविद्यालय प्रबंधन और आयोजन समिति के अनुसार, इनोविस्टा-2026 जैसे आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर देते हैं। गूगल, ग्लोबल लॉजिक और जेपी मॉर्गन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को तकनीकी क्षेत्र की चुनौतियों और संभावनाओं को समझने में मदद मिली। तीन दिवसीय यह आयोजन नवाचार, तकनीकी दक्षता और रचनात्मकता के उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें