भीमताल में दर्दनाक हादसा: रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान मलबे में दबकर दो श्रमिकों की मौत, एक घायल

मेहरा गांव में दीवार का बेस तैयार करते समय अचानक ऊपर से गिरा मलबा, मालिक और ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू

भीमताल। नैनीताल जिले के भीमताल स्थित मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण के दौरान अचानक ऊपर से मलबा गिरने से दो श्रमिकों की दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही भीमताल पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया।

पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान मलबा गिरने से श्रमिक दब गए हैं। सूचना पर कोतवाली भीमताल की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी भवाली अंजना नेगी और प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार सहित पुलिसकर्मियों ने रेस्क्यू अभियान चलाया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि श्रमिक रिटेनिंग वॉल का बेस तैयार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से मलबा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौत हो गई और एक श्रमिक घायल हो गया। घटना का समय दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच बताया जा रहा है।

हादसे में गौरी देवी (38), पत्नी महेंद्र, निवासी संजय नगर, लालकुआं, हाल निवासी निसौला, भीमताल और हरीश थापा (18), पुत्र दीपक थापा की मौत हो गई। वहीं, नेत्र बहादुर उर्फ संजू घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, तीनों श्रमिक मूल रूप से नेपाल के राजापुर के निवासी थे। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), भीमताल भेजा गया।

घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक झोपड़ी में दोनों मृतकों के शव मिले। हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग और मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। निर्माण कार्य से संबंधित मालिक और ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें