
रामनगर के नामचीन रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट और रेव पार्टी का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार; नाबालिग समेत 10 युवतियां रेस्क्यू
रामनगर/नैनीताल। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र स्थित एक नामचीन रिसॉर्ट में पुलिस ने हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट और कथित रेव पार्टी का बड़ा खुलासा करते हुए 51 लोगों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया, जबकि एक 16 वर्षीय नाबालिग सहित 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, मेरठ निवासी एक कीटनाशक कंपनी के संचालक ने 4 और 5 जुलाई के लिए करीब 2.20 लाख रुपये में पूरा रिसॉर्ट बुक कराया था। जांच में सामने आया है कि कार्यक्रम के लिए दिल्ली और अन्य राज्यों से युवतियों को बुलाया गया था। आरोप है कि बाहरी राज्यों से आए लोगों के मनोरंजन के नाम पर अवैध गतिविधियों का आयोजन किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, मौके पर तेज संगीत के बीच आपत्तिजनक गतिविधियां चल रही थीं। कमरों की तलाशी में बड़ी मात्रा में कंडोम, शराब, भारतीय मुद्रा जैसी दिखने वाली नकली नोटों की गड्डियां, नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए गए। पुलिस ने यह भी बताया कि रिसॉर्ट के पास बार संचालन का लाइसेंस नहीं था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के बीच युवतियों की तस्वीरें पहले साझा की जाती थीं और कथित तौर पर उनकी मांग के अनुसार व्यवस्था की जाती थी। पुलिस ने एक 16 वर्षीय नाबालिग के साथ यौन शोषण की पुष्टि होने के बाद मामले में पॉक्सो अधिनियम सहित कई गंभीर धाराएं जोड़ी हैं।
पुलिस का दावा है कि रिसॉर्ट के फरार जनरल मैनेजर ने कर्मचारियों को पार्टी में आने वाले लोगों का रिकॉर्ड विजिटर रजिस्टर में दर्ज नहीं करने और बिना किसी पूछताछ के सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे, ताकि साक्ष्य न बन सकें।
मामले में मुख्य आयोजक, दिल्ली के कथित सप्लायर सहित 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर अभी फरार है। सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम और अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है।








