बड़ोन हाईस्कूल का इंटरमीडिएट स्तर पर हुआ उच्चीकरण, मंत्री कैड़ा ने किया उद्घाटन

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम सभा बड़ोन में वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। बड़ोन हाईस्कूल का उच्चीकरण कर अब इसे इंटरमीडिएट स्तर तक कर दिया गया है। विद्यालय में कक्षा 11वीं की पढ़ाई भी शुरू हो गई है।

ग्रामीण लंबे समय से बड़ोन स्थित हाईस्कूल को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत किए जाने की मांग कर रहे थे। हाईस्कूल के बाद इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को दूर-दराज के विद्यालयों में जाना पड़ता था। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था और कई बार आर्थिक व अन्य परिस्थितियों के चलते उनकी आगे की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी।

ग्रामीणों ने अपनी इस समस्या को क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा के सामने रखा। मंत्री कैड़ा ने विद्यालय के उच्चीकरण के लिए लगातार प्रयास किए और मुख्यमंत्री से भी इस संबंध में मांग रखी। उनके प्रयासों के बाद बड़ोन हाईस्कूल का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण किया गया।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बड़ोन पहुंचकर उच्चीकृत विद्यालय का उद्घाटन किया। विद्यालय में छात्र-छात्राओं के प्रवेश के साथ कक्षा 11वीं की कक्षाओं का संचालन भी शुरू हो गया है। विद्यालय के उच्चीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ मंत्री कैड़ा का स्वागत किया और उनका आभार जताया।

इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर काम किया जाए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैड़ा ने बहुउद्देशीय शिविर लगाकर क्षेत्रीय जनता की समस्याएं भी सुनीं। शिविर में करीब 350 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कुल 45 समस्याएं सामने आईं, जिनमें से 43 समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो। इसी उद्देश्य से न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें