जल जीवन मिशन पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

करोड़ों खर्च, फिर भी घरों तक नहीं पहुंचा पानी; कांग्रेस ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

कालाढूंगी। विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर बिछाई गई पेयजल पाइपलाइनें आज भी लोगों के लिए बेकार साबित हो रही हैं। क्षेत्र की कई ग्राम सभाओं और वार्डों में पाइपलाइन तो बिछा दी गई, लेकिन अब तक घरों तक पानी नहीं पहुंच सका है। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने जल संस्थान और जल जीवन मिशन से जुड़े अधिकारियों तथा प्रशासनिक प्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई कि यदि जल्द हर घर तक पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हुई, तो क्षेत्रवासी सड़क से लेकर विभागीय कार्यालयों तक बड़ा जनआंदोलन करेंगे।

नीरज तिवारी ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई है। जगह-जगह सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बरसात नजदीक होने के कारण ग्रामीणों की परेशानियां और बढ़ने की आशंका है, लेकिन विभागीय अधिकारी अब भी लापरवाही बरत रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से लगातार ज्ञापन दिए जा रहे हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर परिणाम चाहती है।

वहीं ग्राम प्रधान हेमू पड़लिया ने आरोप लगाया कि अधूरी योजनाओं को पूर्ण दिखाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जबकि हकीकत में कई गांवों में सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं। उन्होंने कहा कि टूटी और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन संबंधित विभाग आंखें मूंदे बैठा है।

उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं की गई और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत नहीं हुई, तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी। इस दौरान उमेश बिनवाल, प्रद्युमन तिवारी, राकेश शर्मा, मोहन सनवाल, वसीम अली, दिनेश पालिवाल, आरडी तिवारी, मोहन शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें