नगला बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

लालकुआं। पंतनगर से ड्यूटी कर घर लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना नगला बाईपास के समीप की है, जहां अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बिंदुखत्ता के सुभाष नगर निवासी 42 वर्षीय भुवन जोशी पंतनगर स्थित कैंटीन में कार्यरत थे। वह देर शाम अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह नगला बाईपास के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क किनारे गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना राहगीरों ने तुरंत पंतनगर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद चित्रशिला घाट रानीबाग में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मृतक अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच जारी है।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें