देवप्रयाग में दर्दनाक हादसा: बस और बाइक की भिड़ंत में एक की मौत, एक गंभीर घायल

टिहरी गढ़वाल। देवप्रयाग क्षेत्र में ऋषिकेश-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मूल्यागांव के पास उस समय हुआ, जब कर्णप्रयाग की ओर जा रही बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9:05 बजे बस संख्या (यूके-11 पीए-0316) और बाइक संख्या (यूके-12 जी-1916) के बीच टक्कर हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल को तत्काल राजकीय वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी, देवप्रयाग भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस के मुताबिक मृतक और घायल दोनों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें