हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: 8 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में गिरने से 11 वर्षीय मासूम की मौत

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ गेहूं की कटाई के दौरान एक 11 वर्षीय बालक की पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बदायूं निवासी चंद्रभान कश्यप का परिवार हल्द्वानी के कठघरिया (बच्चीनगर) क्षेत्र में किराए पर रह रहा है। गुरुवार शाम परिवार खेत में गेहूं कटाई का काम कर रहा था, जिसमें उनका 11 वर्षीय पुत्र सौरभ कश्यप भी हाथ बँटा रहा था।

बताया जा रहा है कि गेहूं के बंडलों को पानी में भिगोने के लिए सौरभ पास ही निर्माणाधीन दुकानों के लिए खोदे गए लगभग 8 फीट गहरे गड्ढे के पास पहुँचा। यह गड्ढा पानी से भरा हुआ था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह अचानक गड्ढे में गिर गया और डूब गया।

काफी देर तक सौरभ के नहीं मिलने पर परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की। करीब आधे घंटे बाद गड्ढे में उसकी चप्पल तैरती दिखाई दी, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से गड्ढे से बच्चे का शव बाहर निकाला गया।

मृतक सौरभ ने हाल ही में पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण कर छठी में प्रवेश लिया था। वह परिवार के पांच बच्चों में सबसे छोटा और सभी का दुलारा था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। अंतिम संस्कार मृतक के पैतृक गांव बदायूं में किया जाएगा।

सम्बंधित खबरें