
कोटद्वार में दर्दनाक हादसा: आंगन में खेल रही 4 साल की मासूम को गुलदार उठा ले गया, झाड़ियों में मिला शव
पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर के आंगन में खेल रही चार साल की मासूम बच्ची को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
यह दर्दनाक घटना चौबट्टाखाल क्षेत्र के ग्राम सभा तिमली स्थित भतकोट गांव की है। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 9 बजे हरेंद्र की चार वर्षीय बेटी दृष्टि घर के आंगन में खेल रही थी। तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे जबड़े में दबोचकर खेतों की ओर ले गया।
बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन के बाद बच्ची का शव घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में बुरी हालत में बरामद हुआ।
इस घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है।









