
हल्द्वानी में KVM स्कूल में भीषण अग्निकांड: धू-धू कर जली बहुमंजिला इमारत, तीन बसें भी खाक; मचा हड़कंप
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र स्थित KVM स्कूल परिसर में मंगलवार शाम अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और स्कूल की बहुमंजिला इमारत आग की लपटों में घिर गई। ऊंची उठती लपटों और धुएं के गुबार ने आसपास के लोगों में दहशत पैदा कर दी। हादसे में स्कूल परिसर में खड़ी तीन बसें भी आग की चपेट में आ गईं, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब सात बजे स्कूल भवन में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं। गनीमत रही कि घटना के समय स्कूल परिसर में कोई छात्र या कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। देर रात तक पुलिस और दमकल विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।








