35 लाख के जेवर बरामद, लालकुआं पुलिस ने खोले तीन सनसनीखेज चोरी के राज

लालकुआं। नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 35 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस गिरफ्तारी के साथ तीन चर्चित चोरी की घटनाओं का भी खुलासा कर दिया है।

पुलिस के अनुसार बिन्दुखत्ता निवासी चन्द्रा देवी ने 19 मई 2026 को घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान वर्ष 2025 में हुई दो अन्य चोरी की घटनाओं को भी पुलिस ने जोड़कर गहन पड़ताल शुरू की।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैन्युअल इंटेलिजेंस के जरिए संदिग्धों पर नजर रखी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी के जेवर बेचने के लिए एक युवक बिन्दुखत्ता पहुंचा है।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी भानु प्रताप (21) निवासी बहेड़ी, बरेली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद हुए। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि वह बंद पड़े मकानों की रेकी कर ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 20 तोला सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, नथ, झुमके, मांगटीका, चेन समेत कई कीमती जेवर शामिल हैं। बरामद माल की कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है।

तीनों चोरी की घटनाओं का खुलासा होने पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के इनाम से सम्मानित किया है।

सम्बंधित खबरें