
24 घंटे में खुला वनकर्मी हत्याकांड, शराब के नशे में कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के टांडा क्षेत्र स्थित पीपलपड़ाव जंगल में वन विभाग के कर्मी की निर्मम हत्या के मामले का हल्द्वानी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार भाखड़ा रेंज के प्लॉट संख्या-71 में वन विभाग में रोपण रक्षक के पद पर तैनात 50 वर्षीय मेवा लाल का शव संदिग्ध हालत में मिला था। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच और खुलासे के निर्देश दिए।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच के दौरान मौके पर मौजूद चौकीदार तिवारी सिंह के बयान संदिग्ध पाए गए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि घटना वाली रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान कहासुनी और गाली-गलौज के बाद गुस्से में उसने कुल्हाड़ी से हमला कर मेवा लाल की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी तिवारी सिंह पुत्र जय सिंह निवासी लालपुरी गूलरभोज, ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड का तेजी से खुलासा होने पर पुलिस टीम की कार्यवाही की सराहना की जा रही है।









