
₹10 हजार का इनामी लुटेरा ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार, रामनगर लूटकांड में था फरार
नैनीताल। रामनगर में तमंचे की नोक पर हुई लूट की वारदात में फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। नैनीताल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को रामनगर के हाथीडगर क्षेत्र में आरोपी साहिल और उसके साथियों ने स्कूटी से पीछा कर एक व्यक्ति को रोका था। आरोप है कि तमंचे के बल पर जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया गया। मामले में कोतवाली रामनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
लूट की घटना में शामिल आरोपी के तीन साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि साहिल लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी नहीं होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने उस पर ₹10 हजार का इनाम घोषित किया था।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित रामनगर पुलिस और एसओजी टीम ने कार्रवाई करते हुए साहिल पुत्र बहादुर निवासी मालधन नंबर-4, रामनगर को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।









