हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में तीमारदारों के लिए गेस्ट हाउस की घोषणा स्वागत योग्य कदम: ललित जोशी

स्थानीय व्यापारियों की अनदेखी और बदहाल सड़कों पर भी जताई चिंता

देहरादून। आज देहरादून में आयोजित कैबिनेट बैठक में सरकार द्वारा देहरादून एवं हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों के तीमारदारों के लिए गेस्ट हाउस बनाए जाने की घोषणा की गई। इस निर्णय का स्वागत करते हुए ललित जोशी ने इसे एक “जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम” बताया।

श्री जोशी ने कहा कि उन्होंने निकाय चुनाव के दौरान इस विषय को अपने प्रमुख मुद्दों में शामिल किया था, और अब सरकार द्वारा इस पर कार्रवाई किए जाने से हल्द्वानी ही नहीं, पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। मरीजों के परिजनों के ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करना एक मानवीय और संवेदनशील फैसला है, जो स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाएगा।

हालांकि, श्री जोशी ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा, “प्रशासन अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल दिखावटी कार्रवाइयों में लगा है। छोटे व्यापारियों की कुर्सी और मेज उठाकर वाहवाही बटोरी जा रही है, जबकि असली समस्याओं की अनदेखी हो रही है।”

उन्होंने शहर की सड़कों की हालत को लेकर भी चिंता जताई। “पिछले 8 महीनों से शहर की अधिकांश सड़कों की हालत जर्जर है। बरसात का मौसम सिर पर है, और यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो जलभराव से बीमारियों का खतरा गहराता जाएगा,” उन्होंने चेतावनी दी।

श्री जोशी ने उदाहरण देते हुए कहा कि हल्की बरसात के बाद भी नैनीताल रोड पर पानी सड़कों से ओवरफ्लो होकर बहने लगा है। उन्होंने नगर निगम से मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें