हल्द्वानी में बेखौफ चोरों का आतंक, दो दुकानों के ताले तोड़कर 50 हजार की नकदी उड़ाई

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस ने शुरू की जांच; व्यापारियों में बढ़ा आक्रोश

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो दुकानों के ताले तोड़कर करीब 50 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। गुरुवार देर रात लालडांट बाईपास रोड पर हुई इस वारदात का खुलासा तब हुआ, जब शुक्रवार सुबह दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे। टूटे हुए ताले देखकर उनके होश उड़ गए।

चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दो युवक दुकानों में घुसकर चोरी करते हुए नजर आ रहे हैं। चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया और नकदी लेकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।

वहीं, घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, बावजूद इसके रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल बने हुए हैं। लोगों ने पुलिस से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

सम्बंधित खबरें