
चंबा में दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, सात लोगों की मौत; एक ही गांव के तीन सगे भाई भी शामिल
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा चुराह उपमंडल के पुखरी-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के पास हुआ, जहां एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। मृतकों में एक ही गांव के तीन सगे भाई भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसा देर रात करीब दो बजे हुआ। बोलेरो वाहन संख्या एचपी-01सी-2581 में कुल सात लोग सवार थे। इनमें तीन महिलाएं, तीन पुरुष और वाहन चालक शामिल था। सभी लोग ग्राम महल पंचायत के सपरोठ गांव के रहने वाले थे और काकड़ोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान छतरूंड के पास वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद खाई से सभी शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया।
एडिशनल एसपी चंबा दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
चुराह के भाजपा विधायक हंसराज ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि दुर्घटना में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हुई है। उन्होंने क्षेत्र में क्रैश बैरियर की कमी को लेकर चिंता जताई और लोक निर्माण विभाग से सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने की मांग की।
वहीं, चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था। फिलहाल हादसे के हर पहलू की जांच की जा रही है।









