हल्द्वानी डकैती कांड का खुलासा: हथियारों के बल पर लाखों की लूट, दो आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी। गोरापड़ाव में 19 अगस्त को हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई डकैती के मामले का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 66 हजार रुपये की लूटी गई रकम, एक तमंचा, एक पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की शाम डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गोरापड़ाव क्षेत्र में 10-12 हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में वादी नारायण दास निवासी अंबा बिहार, तीनपानी की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया।

तहरीर के मुताबिक, KIA शोरूम के पीछे स्थित कार्यालय/गैराज में नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर करीब 8 लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और सोने की तीन चेन व अंगूठी लूट ली थी।

करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने करीब 50 अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। इसमें एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी हल्द्वानी, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी, क्षेत्राधिकारी लालकुआं, विभिन्न थाना प्रभारी, SOG, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, BDS और डॉग स्क्वायड को शामिल किया गया।

पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह पुलिस के रडार पर आए। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

जुए में हारी रकम पूरी करने के लिए रची डकैती की साजिश

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि किच्छा निवासी यश सिडाना ने लाखों रुपये जुए में गंवा दिए थे और आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। इसी दौरान गोरापड़ाव में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की जानकारी सामने आई।

आरोपियों ने कथित तौर पर लूटी गई रकम से जुए में हारी रकम की भरपाई करने और बाकी रकम आपस में बांटने की योजना बनाई। इसके बाद अन्य लोगों को भी साजिश में शामिल किया गया और वारदात से पहले घटनास्थल की रेकी की गई।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर कार्यालय में डकैती डाली और नकदी, जेवरात व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि लूटे गए मोबाइल फोन आरोपियों ने रास्ते में फेंक दिए, ताकि डिजिटल साक्ष्य न मिल सकें।

दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार और नकदी बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू (25) निवासी विथा अकबर, सितारगंज और रखवीर सिंह (28) निवासी ईश्वरपुर, थाना शीशगढ़, जिला बरेली के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, वंशप्रीत के कब्जे से 31 हजार रुपये और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं रखवीर सिंह के पास से 35 हजार रुपये, एक 315 बोर का तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में BNS की धारा 61(2) और 317(3) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में संगठित अपराध से जुड़े प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

रखवीर सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी रखवीर सिंह के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामले शामिल हैं। वहीं दूसरे आरोपी वंशप्रीत सिंह का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

एसएसपी नैनीताल ने डकैती के मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूट की पूरी रकम व अन्य सामान की बरामदगी के लिए जांच एवं दबिश की कार्रवाई जारी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें