हरिद्वार में खौफनाक वारदात: होटल कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हालत नाजुक

हरिद्वार (उत्तराखंड) – धार्मिक नगरी हरिद्वार में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब बाइक सवार बदमाशों ने एक होटल कारोबारी को सरेराह गोलियों से छलनी कर दिया। घटना खड़खड़ी क्षेत्र की है, जहां कारोबारी अरुण (31) अपने साथी के साथ आइसक्रीम खा रहा था। तभी तीन हमलावर बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगे।

दो गोलियां कारोबारी को लगीं – एक हाथ में और दूसरी पीठ में। खून से लथपथ हालत में अरुण वहीं गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे भूमानंद अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद हमलावर दूधाधारी चौक की ओर फरार हो गए। वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही एसपी सिटी पंकज गैरोला, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी और शहर कोतवाल रितेश शाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, अरुण हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है और चेतन ज्योति आश्रम के पास खन्ना रेजिडेंसी नामक होटल को एक साल की लीज पर लेकर चला रहा था। प्रारंभिक जांच में इस हमले को आपसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन पुलिस अन्य संभावित कोणों की भी गहन जांच कर रही है।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि हमलावर जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। मुखिया गली के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में हमलावरों की तस्वीरें कैद हो चुकी हैं। सीआईयू और पुलिस की टीमें आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हैं। घटना के बाद पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें