
राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाएगी कांग्रेस
“देश का छात्र भ्रष्ट व्यवस्था से लड़ रहा है, कांग्रेस बनेगी उसकी आवाज”: सुमित हृदयेश
हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत शुक्रवार को स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राजस्थान के कोटा में राहुल गांधी द्वारा विद्यार्थियों के साथ किए गए संवाद कार्यक्रम का डिजिटल प्रेजेंटेशन दिखाया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में NEET और JEE अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक, बढ़ते निजीकरण और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार और सुझाव रखे।
कार्यक्रम के बाद हल्द्वानी विधायक और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी।
प्रेसवार्ता में सुमित हृदयेश ने कहा कि आज देश का छात्र केवल परीक्षा की तैयारी नहीं कर रहा, बल्कि एक ऐसी व्यवस्था से संघर्ष कर रहा है जहां पेपर लीक, भर्ती में देरी और रोजगार की कमी जैसी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि “छात्रों की गूंज” अभियान छात्रों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, बेहतर शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के अवसरों के लिए लगातार संघर्ष करेगी। उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखें और किसी भी स्थिति में आत्महत्या जैसा कदम न उठाएं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समेत पूरे देश में भर्ती परीक्षाओं को लेकर युवाओं के बीच चिंता बढ़ी है। कांग्रेस छात्रों को निष्पक्ष परीक्षा, समयबद्ध भर्ती और समान अवसर दिलाने के लिए उनकी आवाज उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में NEET और JEE अभ्यर्थियों के अलावा हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, नरेश अग्रवाल, मलय बिष्ट, प्रदीप सर, गोविंद बगड़वाल, महिला महानगर अध्यक्ष मधु सांगूड़ी, राधा आर्य, गिरीश पांडे, मोहन बिष्ट, जाकिर हुसैन, कौशलेंद्र भट्ट, स्वाति जोशी, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र-युवा मौजूद रहे।








