रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन ने जॉइंट कमिश्नर से की मुलाकात, व्यापारियों की समस्याओं और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की उठी मांग

हल्द्वानी। रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज अंसारी और महासचिव एडवोकेट डॉ. मनु अग्रवाल के नेतृत्व में हल्द्वानी स्थित राज्य कर कार्यालय पहुंचकर जॉइंट कमिश्नर से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों और करदाताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज अंसारी ने रामनगर राज्य कर कार्यालय में एसआर (SIR) प्रक्रिया के चलते सीटीओ के कार्यमुक्त न होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इससे विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिन्हें जल्द सुचारु कराने की आवश्यकता है।

महासचिव एडवोकेट डॉ. मनु अग्रवाल ने सर्वे और अन्य विभागीय कार्यवाहियों के कारण व्यापारियों पर पड़ रहे अतिरिक्त दबाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने विभागीय प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और व्यावहारिक बनाए जाने की मांग की।

वहीं, उपाध्यक्ष एडवोकेट गुलरेज रज़ा ने महत्वपूर्ण विभागीय कार्रवाई अथवा नई प्रक्रिया लागू करने से पहले टैक्स बार और व्यापार मंडल को विश्वास में लेने की मांग रखी। उन्होंने उत्तराखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि राजस्थान और तेलंगाना जैसे राज्यों में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए कानूनी प्रावधान किए गए हैं, इसी तर्ज पर उत्तराखंड में भी अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कानूनी प्रावधान किए जाने चाहिए।

पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट डॉ. पूरन चंद्र पाण्डेय ने अधिकारियों और व्यापारियों के बीच नियमित प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। वहीं, सदस्य भूपाल रावत ने व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित कर उनकी समस्याओं को सीधे सुनने की मांग रखी।

जॉइंट कमिश्नर ने प्रतिनिधिमंडल की सभी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक कार्रवाई और समाधान का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं नियमित संवाद स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि करदाताओं की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान हो सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें