मानहानि नोटिस के बाद हाईकोर्ट की महिला अधिवक्ता को धमकी का आरोप, हल्द्वानी में FIR दर्ज

नैनीताल/हल्द्वानी। हाईकोर्ट की महिला अधिवक्ता कनिष्का भट्ट ने मध्यप्रदेश निवासी एक महिला पर उन्हें लगातार जान से मारने और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। अधिवक्ता के अनुसार, आरोपी महिला द्वारा व्हाट्सऐप मैसेज और फोन कॉल के जरिए उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है। मामले में हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।

अधिवक्ता कनिष्का भट्ट का आरोप है कि संबंधित महिला ने पहले उनके मुवक्किल को दुष्कर्म के मामले में फंसाने का प्रयास किया था। इस मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई मध्यप्रदेश हाईकोर्ट से होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंची, जहां मामला खारिज होने की बात अधिवक्ता ने कही है।

कनिष्का भट्ट के मुताबिक, संबंधित महिला को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजे जाने के बाद से उन्हें धमकियां मिलने का सिलसिला और बढ़ गया। आरोप है कि फोन कॉल और व्हाट्सऐप संदेशों के माध्यम से उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

मामले की एफआईआर हल्द्वानी कोतवाली में दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। अधिवक्ता ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल, पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें