
मंत्री कैड़ा ने भीमताल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
भीमताल। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर बारिश और आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नौकूचियाताल, नौल, विजरौली सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
मंत्री कैड़ा ने प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

मंत्री कैड़ा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़कों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आपदा मद से आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराने के भी निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और नुकसान की भरपाई तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को बहाल करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।









