मंत्री कैड़ा ने ओखलकांडा ब्लॉक के गांवों का दौरा कर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

भीमताल। भीमताल से विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान मंत्री कैड़ा ने लिगड़ानी, पतलिया, हरिनगर, खुजेठी, भीड़ापानी, पनतोली, नाई, चकदलाड़, महतोली सहित अन्य गांवों का भ्रमण किया। ग्रामीणों ने उनके समक्ष बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं।

मंत्री कैड़ा ने मौके से ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि जिन गांवों तक अभी सड़क सुविधा नहीं पहुंची है, उन्हें पीएमजीएसवाई फेज-4 के अंतर्गत शामिल कर भारत सरकार को प्रस्ताव भेज दिए गए हैं। प्रस्तावों की स्वीकृति मिलने के बाद इन गांवों को भी सड़क संपर्क से जोड़ा जाएगा।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए सरकार और प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें