ओखलकांडा में बहुउद्देशीय शिविर: 68 शिकायतों में 57 का मौके पर निस्तारण

424 लोगों को मिला सीधा लाभ, 175 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और 8 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी

भीमताल। विकासखंड ओखलकांडा के राजकीय इंटर कॉलेज ढोलीगांव में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने की।

शिविर में क्षेत्रीय जनता ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कुल 68 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 57 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से 175 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 8 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। वहीं 35 बीपीएल कार्ड बनाए गए और महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिलने से शिविर में कुल 424 लोग सीधे लाभान्वित हुए।

विभागों ने लगाए स्टॉल

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और विभागीय कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में राजस्व, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, लोक निर्माण, सिंचाई, लघु सिंचाई, पेयजल निगम, जल संस्थान, ऊर्जा निगम, पशुपालन, बाल विकास, उरेडा, खाद्य एवं आपूर्ति तथा ई-डिस्ट्रिक्ट सहित अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: कैड़ा

शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

मंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाए। उन्होंने शिविर में लोगों की समस्याएं क्रमवार सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके लिए संबंधित विभागों को प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।

शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, पंचायती राज अधिकारी सुरेंद्र बैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, मंडल अध्यक्ष नरेश नयाल और खंड विकास अधिकारी के.एस. सामंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें