
बेतालघाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 96 टेट्रा पैक अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
बेतालघाट/नैनीताल, 31 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2026” के तहत बेतालघाट पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 96 टेट्रा पैक जूली गोल्ड माल्टा देशी मसालेदार शराब बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष बेतालघाट विजय नेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने चन्द्रशेखर पुत्र हरिदत्त, निवासी ग्राम चन्द्रकोट, थाना बेतालघाट, जनपद नैनीताल को अवैध शराब की तस्करी करते हुए दबोच लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 96 टेट्रा पैक जूली गोल्ड माल्टा देशी मसालेदार शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रेमा कोरंगा, कांस्टेबल दीपक तथा होमगार्ड कपिल शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









