नैनीताल: मानसिक तनाव से जूझ रहे किसान ने खुद को गोली मारकर दी जान, अवैध तमंचे से की आत्महत्या

नैनीताल जिले के नाथुवाखान (गड़गांव) क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 60 वर्षीय किसान मोहन सिंह ने कथित तौर पर अवैध तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, मोहन सिंह लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। घटना वाले दिन सुबह उन्होंने अपनी पत्नी को पानी भरने के बहाने घर से बाहर भेज दिया। पत्नी के बाहर जाते ही उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद घर के अंदर से गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी।

आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दरवाजा खोलने पर मोहन सिंह कमरे के अंदर खून से लथपथ पड़े मिले। उन्हें तुरंत उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आत्महत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार एक अवैध तमंचा था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि मोहन सिंह के पास यह अवैध हथियार कैसे पहुंचा और उनके मानसिक तनाव के पीछे क्या कारण थे।

मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें